नवगछिया : भवानीपुर थाना क्षेत्र में रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों द्वारा एक सब्जी व्यापारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने व्यापारी से 20 हजार रुपए नकद और सोने की चेन लूट ली। यह घटना 18 जनवरी 2026 की शाम की है। पीड़ित द्वारा 19 जनवरी 2026 को भवानीपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

Whatsapp group Join

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीरबन्ना गांव निवासी संतोष कुमार (पिता प्रकाश यादव) 18 जनवरी की शाम करीब 7:30 बजे गोभी के बकाया पैसे लेने एक अन्य व्यापारी के पास जा रहे थे। इसी दौरान सतियारा गांव के रास्ते में कुख्यात अपराधी मुन्ना मंडल (पिता स्व. दिवाकर मंडल), दीगो मंडल (पिता सिंधो मंडल) और रुपेश मंडल (पिता स्व. दिवाकर मंडल) ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।

अपराधियों ने संतोष कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए रंगदारी की मांग की। मुन्ना मंडल ने कहा कि वह आजकल काफी पैसा कमा रहा है, फिर भी उन्हें “खर्चा-पानी” नहीं दे रहा है। जब संतोष कुमार ने इसका विरोध किया तो मुन्ना मंडल ने गुस्से में आकर देसी कट्टे से उनके सिर पर वार करने का प्रयास किया। संतोष द्वारा सिर बचाने पर उनकी कनपट्टी और कान में गंभीर चोट लग गई।

इसके बाद अपराधियों ने संतोष कुमार के पास मौजूद 20 हजार रुपए नकद छीन लिए और उनके गले से सोने की चेन भी लूट ली। बदमाशों ने लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भवानीपुर थाना को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल संतोष कुमार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर भेजा, जहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया।

इस संबंध में भवानीपुर थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में घटना के बाद से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *