नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल, अपहरण एवं फायरिंग कांड में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी रंजीत कुमार उर्फ छोटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी सोमवार को एसटीएफ के सहयोग से झंडापुर थाना क्षेत्र के बगड़ी सर्विस रोड से की गई।

पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रंजीत कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है, जो मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिद्वार टोला निवासी अशोक यादव का पुत्र है।

पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2025 को झंडापुर थाना को सूचना मिली थी कि जयरामपुर निवासी पंजाबी रविदास का हथियार के बल पर घर से अपहरण कर लिया गया है। इस घटना को कुख्यात अपराधी रंजीत कुमार उर्फ छोटू एवं उसके चार-पांच अन्य साथियों द्वारा अंजाम दिया गया था। मामले में झंडापुर थाना में केस दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवगछिया के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर अपहृत पंजाबी रविदास को मधेपुरा से सकुशल बरामद कर लिया था। साथ ही इस कांड में संलिप्त कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। हालांकि, मुख्य आरोपी रंजीत कुमार उर्फ छोटू फरार चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रंजीत कुमार उर्फ छोटू का आपराधिक इतिहास काफी लंबा और गंभीर है। 29 जनवरी 2025 को झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ओवरब्रिज हाइवे पर मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों पर अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके अलावा भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *