नवगछिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी और टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल राहुल यादव को नागालैंड से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने मंगलवार देर रात प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 15 जनवरी 2026 को ढोलबज्जा थाना को सूचना मिली थी कि ढोलबज्जा बाजार में दो अज्ञात अपराधी दुकानदारों से लगातार रंगदारी की मांग कर रहे हैं। सूचना के आधार पर ढोलबज्जा थाना कांड संख्या 03/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर टीम ने इस कांड में संलिप्त राहुल यादव को नागालैंड से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राहुल यादव के रूप में हुई है, जो कैलाश यादव उर्फ फैशन यादव का पुत्र तथा भागलपुर जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लतरा गांव का निवासी है। वह नवगछिया पुलिस जिले का कुख्यात अपराधी था और उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था।
इस गिरफ्तारी से क्षेत्र के व्यापारियों एवं आम जनता ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त से पूछताछ जारी है तथा अन्य आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

