नवगछिया में एटीएम ठगी का एक नया मामला सामने आया है। शनिवार शाम मकनपुर चौक स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम में मदद के बहाने एक युवक ने दो महिलाओं के एटीएम कार्ड बदल लिए और मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, गोपालपुर थाना क्षेत्र के लतरा गांव निवासी नागो यादव की पत्नी बेबी देवी तथा सुकल यादव की पत्नी कविता देवी एसबीआई एटीएम से रुपये निकालने पहुंची थीं। इसी दौरान एक युवक एटीएम के अंदर आया और सहायता करने का नाटक करते हुए दोनों महिलाओं का पिन देख लिया। इसके बाद आरोपी ने चालाकी से दोनों महिलाओं के एसबीआई एटीएम कार्ड बदलकर उन्हें दूसरे कार्ड थमा दिए।

कुछ देर बाद जब महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक कानूनी कार्रवाई की।

पीड़ित बेबी देवी के खाते में 20 हजार रुपये तथा कविता देवी के खाते में 15 हजार रुपये पहले से जमा होने की जानकारी मिली है। दोनों महिलाओं ने आशंका जताई है कि आरोपी उनके खातों से अवैध निकासी कर सकता है।

गौरतलब है कि नवगछिया में बीते एक सप्ताह के दौरान ठगी और छिनतई की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में रंगरा थाना क्षेत्र में एक युवक से पैसे छीनकर भाग रहे अपराधियों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया था, हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले वे फरार हो गए। इसके अलावा मकनपुर के पास एक सेवानिवृत्त शिक्षक से 65 हजार रुपये की छिनतई की घटना भी हुई है, जिसके आरोपी अब तक पकड़ से बाहर हैं।

इस मामले में नवगछिया की एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और संबंधित थाना प्रभारी को जल्द आरोपी की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, गोपालपुर थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *