नवगछिया थाना क्षेत्र के मखाताकिया में सोमवार देर रात एनएच-31 पर हुए एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय राहुल कुमार की मौत हो गई। मृतक राहुल कुमार प्रसिद्ध पियानो प्लेयर श्रवण सोनी के पुत्र थे। उन्हें एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल पिछले चार–पांच वर्षों से मुरली गांव में ज्वेलरी की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी चार माह की एक बेटी है।
सोमवार की रात दुकान बंद कर राहुल मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-31 पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। राहुल ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक का पीछा कर वाहन को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
राहुल कुमार दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनका एक छोटा भाई राजा कुमार है, जबकि एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
ट्रैफिक थाना प्रभारी सुजीत वारसी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

