भवानीपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शराब तस्करों को 2.760 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 1 फरवरी 2026 को नारायणपुर इलाके में की गई।
जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी को भवानीपुर थाना की पुलिस टीम को शराब तस्करी से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने नारायणपुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर सवार तीन व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से विदेशी शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान गोपाल कुमार (पिता अंबिका सिंह), भावेश कुमार (पिता रासु सिंह) और नरेश कुमार (पिता उमेश सिंह) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी मनोहरपुर, थाना भवानीपुर, जिला भागलपुर के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 2.760 लीटर विदेशी शराब के अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
इस मामले में बिहपुर थाना में कांड संख्या 30/26, दिनांक 2 फरवरी 2026 को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

