भागलपुर (नवगछिया)। खरीक थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव निवासी तेल मिल संचालक प्रदीप कुमार (38) की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब वे बाइक से नवगछिया की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार रास्ते में परबत्ता थाना क्षेत्र में दूसरी बाइक से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रदीप कुमार बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परबत्ता पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मायागंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही तुलसीपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। वे तेल मिल चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
अस्पताल परिसर में मौजूद बरारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परबत्ता थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार ने बताया कि दुर्घटना में शामिल दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

