अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों से मारपीट करने वाले तीन किन्नर गिरफ्तार, नवगछिया स्टेशन पर आरपीएफ ने दबोचा

एस-1 कोच में यात्रियों के साथ की थी मारपीट और बदसलूकी, वीडियो और तस्वीरों से हुई पहचान; तीनों आरोपियों को जीआरपी मानसी को सौंपा

नवगछिया। इरोड-अमृत भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों के साथ मारपीट और बदसलूकी करने के मामले में आरपीएफ नवगछिया की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन किन्नरों को गिरफ्तार किया है। तीनों की गिरफ्तारी सोमवार सुबह नवगछिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक के पूर्वी छोर से की गई। यात्रियों द्वारा बनाए गए वीडियो और तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई थी।

जानकारी के अनुसार, एक नवंबर को गाड़ी संख्या 16602 इरोड-अमृत भारत एक्सप्रेस के महेशखूंट और मानसी रेलवे स्टेशन के बीच एस-1 कोच में यात्रियों के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान सुपौल जिले के निवासी यात्री जय किशोर सरदार सहित कई अन्य यात्री घायल हो गए थे। कोच में मौजूद अन्य यात्रियों ने हस्तक्षेप कर पीड़ितों को बचाया था।

घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ नवगछिया की टीम सक्रिय हुई। यात्रियों द्वारा घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और फोटोग्राफ्स जुटाए गए। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मारपीट में शामिल आरोपियों की पहचान की गई। सुरक्षा नियंत्रण कक्ष सोनपुर से भी घटना को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। पीड़ित यात्री के लिखित आवेदन पर जीआरपी मानसी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे उपनिरीक्षक रवि कुमार रजक के नेतृत्व में आरक्षी दिनेश कुमार तिवारी और अभिमन्यु कुमार चौरसिया नवगछिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक के पूर्वी छोर पर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान पूर्वी यात्री शेड के पास तीन संदिग्ध किन्नर दिखाई दिए।

पुलिस टीम ने तीनों को रोककर घटना के समय यात्रियों द्वारा बनाए गए वीडियो और तस्वीरों से उनके चेहरों का मिलान किया। पहचान की पुष्टि होने के बाद तीनों को हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ में उनकी पहचान खगड़िया जिले के कुतुबपुर निवासी आम्रपाली किन्नर (30), भागलपुर जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर चौहद्दी निवासी अन्नु किन्नर (19) और खगड़िया जिले के कमलपुर निवासी शिवानी किन्नर (26) के रूप में हुई।

आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों ने अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की। घटना मानसी रेल थाना क्षेत्र की होने के कारण आरपीएफ नवगछिया ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को संबंधित दस्तावेज और साक्ष्यों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी मानसी को सौंप दिया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *