नवगछिया। नवगछिया विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक अधेड़ व्यक्ति की जान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओम प्रकाश की तत्परता से बच गई। एसडीपीओ जाम हटाने के बाद लौट रहे थे, तभी उनकी नजर सड़क पर दर्द से तड़प रहे बाइक सवार पर पड़ी।
घटना विक्रमशिला सेतु के कलबलिया धार के समीप की है, जहां एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रही एक चारपहिया वाहन उसके पैर को कुचलते हुए आगे निकल गई। घायल सड़क पर छटपटाता रहा।
पीछे से आ रहे एसडीपीओ ओम प्रकाश ने तुरंत वाहन रुकवाया और बिना देर किए पुलिस जवानों व चालक की मदद से घायल को अपनी गाड़ी में बैठाकर अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर रेफर कर दिया।

घायल की पहचान भागलपुर तिलकामांझी निवासी अमर कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) हैं। वे बाइक से नवगछिया चिकित्सकों और मेडिकल दुकानदारों से मिलने आ रहे थे।
जब घायल का पुत्र अस्पताल पहुंचा और अपने पिता को इस हालत में देखा तो भावुक होकर एसडीपीओ के पैरों में गिर पड़ा और कहा कि समय पर अस्पताल पहुंचाने से उनके पिता की जान बच गई। इस पर एसडीपीओ ने उसे संभालते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

