नवगछिया के कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीनिया गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय बच्ची की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृत बच्ची की पहचान पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत कलमबाग निवासी बिदेश्वरी मंडल की पुत्री सोनाक्षी कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि सोनाक्षी की मां कुछ दिन पहले ही अपने मायके लक्ष्मीनिया आई थी। सोमवार की शाम करीब चार बजे बच्ची घर के पास खेल रही थी।

इसी दौरान खेलते-खेलते वह चापानल के पास बने गड्ढेनुमा नाले में गिर गई और डूब गई। काफी देर तक बच्ची नजर नहीं आने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। आसपास तलाश के दौरान जब लोगों की नजर गड्ढे पर पड़ी तो वहां बच्ची का शव दिखाई दिया। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों के अनुसार सोनाक्षी दो बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। बड़ी बहन का नाम मीनाक्षी कुमारी बताया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

लक्ष्मीनिया पंचायत के मुखिया पंकज जायसवाल ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि हादसे के समय परिवार के लोग आसपास ही थे। बच्ची की मां बकरी के लिए घास लाने गई थी और सोनाक्षी घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई।

मुखिया ने यह भी बताया कि परिवार के पास दो घर हैं — एक पुराना पुश्तैनी घर और एक नया घर जिसमें बाथरूम की सुविधा है। घटना वाले दिन परिवार पुराने घर में रह रहा था। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *