नारायणपुर क्षेत्र के सतीशनगर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के समीप शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में पांच वर्षीय बालक प्रियरंजन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए मायागंज, भागलपुर रेफर किया गया है।
घायल बालक बुद्धनगर भरतखंड निवासी रीकेश कुमार पासवान का पुत्र बताया गया है।
परिजनों के अनुसार, बच्चे की मां सोनी देवी अपने मायके से ससुराल लौट रही थीं। इसी दौरान सतीशनगर एनएच-31 के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बच्चे को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर ले जाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात डॉ. रानी कुमारी ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने उसे बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।

