नारायणपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में आधार कार्ड बनाने का कार्य एक बार फिर से शुरू हो गया है। लंबे समय से यह सेवा बंद रहने के कारण क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब इसके पुनः शुरू होने से सैकड़ों लोगों को बड़ी राहत मिली है।
पहले आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं बंद होने के कारण लोगों को अपने आधार में सुधार कराने, मोबाइल नंबर जोड़ने या किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक कराने के लिए दूर-दराज के केंद्रों का सहारा लेना पड़ता था। इससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी।
अब प्रखंड कार्यालय में ही यह सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। आधार कार्ड बनाने का कार्य कर रहे प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 25 से 30 लोगों के नए आधार कार्ड बनाए जा सकते हैं या पुराने में सुधार किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भविष्य में इस व्यवस्था को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।


