भागलपुर। आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम अफजल आलम ने की।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इस दौरान बिजली कंपनी द्वारा चिह्नित मामलों की सूची प्रस्तुत की गई, जिनका निष्पादन लोक अदालत के माध्यम से किया जाना है।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पक्षकारों को समय पर सूचना दें और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं, ताकि मामलों का त्वरित और प्रभावी निष्पादन किया जा सके।

उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान संभव है, जिससे आम लोगों को राहत मिलती है।

