नवगछिया में मंगलवार शाम आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने गंगा पार कर रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। अचानक बदले मौसम के कारण गंगा नदी में चल रही नावें बीच धारा में हिचकोले खाने लगीं, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा और बारिश के बीच नाव में सवार लोगों की जान पर बन आई थी। कई यात्री भयभीत होकर हनुमान चालीसा का पाठ करने लगे। नाव पर मौजूद महिलाएं और बच्चे काफी सहमे हुए नजर आए।

घाटों पर भी अफरातफरी का माहौल रहा। लोग आंधी और बारिश से बचने के लिए सुरक्षित स्थान तलाशते दिखाई दिए। तेज हवा के साथ उड़ रही बालू से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। वहीं शाम करीब छह बजे तक जारी मूसलाधार बारिश के कारण नावों पर खड़े यात्री पूरी तरह भीग गए।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी आंधी के दौरान गंगा नदी में एक नाव फंस गई थी, जिसे सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। लगातार बदलते मौसम और तेज हवाओं के कारण गंगा पार करने वाले यात्रियों में भय का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब मौसम के दौरान नाव परिचालन पर निगरानी बढ़ाई जाए और यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....