भागलपुर के बरारी पुल घाट पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मानसिक रूप से बीमार एक महिला ने कंट्रोल रूम के पास अपने पति पर हमला कर दिया। घटना के बाद घाट परिसर में मौजूद लोगों के बीच कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
Total Downloads: 198
जानकारी के अनुसार, काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने महिला और उसके पति को कैंप में बैठाया, लेकिन महिला बार-बार अपने पति को खींचकर घाट की ओर ले जाने की कोशिश करती रही। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों को कैंप में बुलाने के लिए लगातार अनाउंसमेंट कराया।
कुछ देर बाद एक महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंची और महिला को उसके पति से अलग करने का प्रयास किया, लेकिन महिला पति को छोड़ने के लिए तैयार नहीं हुई। हालात बिगड़ते देख पुरुष पुलिस जवानों को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।

इसके बाद महिला को कैंप में संचालित चिकित्सा शिविर में ले जाया गया, जहां उसे नियंत्रित करने के लिए बेड पर हाथ-पैर बांधने पड़े। इस दौरान महिला ने अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की।
महिला के पति राजेंद्र दास ने बताया कि वे खरीक थाना क्षेत्र के मिर्जाफरी गांव के निवासी हैं। उनकी पत्नी मंजू देवी मानसिक रूप से बीमार हैं और इलाज कराने के लिए सदर अस्पताल गए थे, लेकिन वहां इलाज नहीं हो सका। लौटने के दौरान महिला नाव से गंगा में कूदने की कोशिश करने लगी। इसके बाद नाविक की मदद से वे पुलिस तक पहुंचे, जहां महिला को किसी तरह काबू में किया गया।
