तेतरी जीरो माइल स्थित गोदाम के समीप सोमवार की शाम हुए सड़क हादसे में एक वृद्धा की मौत हो गई। मृतका की पहचान साहू परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव निवासी 65 वर्षीय राधा देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, राधा देवी रोज की तरह सोमवार की शाम घर से टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान तेतरी जीरो माइल के पास स्थित एक गोदाम के समीप तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल वृद्धा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि उस सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों का आवागमन होता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और वाहन चालकों पर सख्ती करने की मांग की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....