भागलपुर। शहर के बरारी गंगा घाट पर गुरुवार सुबह एक युवक द्वारा गंगा नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।

Whatsapp group Join

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे युवक बरारी घाट पहुंचा था। घाट पर कई नावें खड़ी थीं। युवक पहले एक नाव पर चढ़ा और फिर बगल में खड़ी दूसरी नाव पर जाने लगा। इस दौरान उसकी गतिविधियां काफी संदिग्ध लग रही थीं।

चश्मदीद अंकित कुमार पासवान ने बताया कि युवक लगातार एक नाव से दूसरी नाव पर जा रहा था। उन्होंने उसे टोका भी और पूछा कि “क्या तुमको मरना है, इस तरह क्यों कर रहे हो?” इस पर युवक ने जवाब दिया, “हां, मरना है।” इसके तुरंत बाद उसने गंगा नदी में छलांग लगा दी।

बताया जा रहा है कि जिस नाव पर युवक सवार था, उसे नाविक ने खोल दिया था और नाव थोड़ी दूर आगे बढ़ चुकी थी। इसी दौरान युवक अचानक नदी में कूद गया। घटना की सूचना तुरंत बरारी थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही बरारी पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम लगातार युवक की खोजबीन में जुटी हुई है। हालांकि युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित नाव को जब्त कर लिया है तथा नाविक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं नाव पर मौजूद अन्य यात्रियों को दूसरी नाव से नवगछिया के लिए रवाना किया गया।

गौरतलब है कि भागलपुर और सीमांचल को जोड़ने वाले विक्रमशिला सेतु के पाया संख्या 133 का स्लैब क्षतिग्रस्त होने के बाद सड़क मार्ग बाधित है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग नाव के जरिए भागलपुर और नवगछिया के बीच आवाजाही कर रहे हैं। बरारी गंगा घाट पर इन दिनों यात्रियों की काफी भीड़ देखी जा रही है।

फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....