भागलपुर में विक्रमशिला सेतु पर छोटे वाहनों का परिचालन जल्द शुरू कराने के लिए बेली ब्रिज का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सोमवार को पुल पर 18 मीटर लंबे दूसरे बेली ब्रिज का निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया। अब इस पर केवल रैंप सेट करने का काम बाकी है।
बीआरओ अधिकारियों के अनुसार मंगलवार से भागलपुर छोर की ओर 24 मीटर लंबे तीसरे स्पैन पर बेली ब्रिज लॉन्च करने का कार्य शुरू किया जाएगा। तीनों ब्रिज तैयार होने के बाद ट्रायल रन किया जाएगा। ट्रायल सफल रहने पर जिला प्रशासन छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू करा देगा।
सोमवार दोपहर डॉ. नवल किशोर चौधरी ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बेली ब्रिज से केवल छोटी गाड़ियों को ही गुजरने की अनुमति दी जाएगी। पुल पर जाम की स्थिति न बने, इसके लिए एक समय में केवल एक दिशा के वाहनों को पास कराया जाएगा।

अधिकारियों का दावा है कि 5 जून से पहले हर हाल में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। छोटे वाहनों का परिचालन शुरू होने के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारी शुरू कर दी है। पुल के दोनों छोर पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

