भागलपुर में सोमवार रात आए भीषण तूफान ने बाबूपुर गंगा घाट पर खड़े मालवाहक जलयान को लंगर समेत उखाड़कर गंगा की मुख्यधारा में पहुंचा दिया। मंगलवार सुबह जलयान बीच गंगा में फंसा मिला। उसे निकालने का प्रयास देर शाम तक जारी रहा, जिसके कारण दिनभर जलयान सेवा ठप रही।
जलयान सेवा बाधित होने से बाबूपुर घाट पर नेपाल और पूर्णिया जाने वाले कई ट्रक पिछले तीन दिनों से फंसे हुए हैं। चालक धूप और बारिश के बीच गंगा किनारे परेशान हाल में समय काट रहे हैं।
चालकों ने आरोप लगाया कि घाट पर न तो प्रशासन की ओर से कोई दंडाधिकारी मौजूद रहता है और न ही कंपनी के प्रतिनिधि जलयान के आने-जाने का समय बताते हैं। जलयान पहुंचते ही वाहन चढ़ाने की होड़ मच जाती है और अव्यवस्था के कारण कहासुनी होने लगती है।

एनटीपीसी कहलगांव से डस्ट लोड कर नेपाल जा रहे ट्रक चालक रिपु कुमार यादव ने बताया कि तीन दिन से फंसे रहने के कारण पैसे खत्म हो गए हैं और सत्तू खाकर दिन काटना पड़ रहा है।
वहीं पूर्णिया जा रहे चालक राजकिशोर मंडल ने कहा कि घाट पर रात गुजारने की कोई व्यवस्था नहीं है और खाने-पीने के सामान के लिए मनमानी कीमत वसूली जा रही है।
चालकों का कहना है कि एग्रीमेंट के अनुसार तीन मालवाहक जलयान चलने थे, लेकिन दो भी नियमित रूप से संचालित नहीं हो रहे हैं, जिससे लगातार परेशानी बढ़ रही है।
