नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के कमलाकुंड गांव में मंगलवार को संदिग्ध स्थिति में एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान अंशु कुमारी (25) के रूप में हुई है, जो प्रभाष यादव की पत्नी थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मृतका की मां चिंता देवी ने दामाद और उसके परिवारवालों पर हत्या का आरोप लगाया है।

मां ने पुलिस को बताया कि दो साल पहले बेटी की शादी हुई थी। शादी में चार लाख रुपये नकद, डेढ़ भर सोना और करीब एक लाख रुपये का सामान उपहार स्वरूप दिया गया था। आरोप है कि शादी के बाद पता चला कि प्रभाष यादव का किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस्माइलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

वहीं, मृतका के भाई आयुष कुमार का रो-रोकर बुरा हाल था। वह कह रहा था कि उसकी एक ही बहन थी, अब उसे राखी कौन बांधेगा। उसने आरोप लगाया कि जीजा प्रभाष यादव अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करते थे और इस बार उन्होंने उसकी हत्या कर दी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....