बिहपुर प्रखंड के हरियो गांव स्थित त्रिमुहान घाट पर कोसी नदी पर बना पीपा पुल सोमवार देर रात आई तेज आंधी में आधा टूटकर ध्वस्त हो गया। पुल टूटने से कहाड़पुर, बड़ी खाल, आहुति समेत कई दियारा गांवों का संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पीपा पुल महज एक-दो माह पहले ही बनाया गया था। पुल बनने के बाद दियारा क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों को आवागमन में काफी राहत मिली थी। खेती-बाड़ी और मवेशियों के आने-जाने में समय, श्रम और खर्च तीनों की बचत हो रही थी।
लेकिन तेज आंधी के कारण पुल का बड़ा हिस्सा टूटकर बह गया, जिससे एक बार फिर क्षेत्र के लोग पुरानी समस्याओं से जूझने को मजबूर हो गए हैं।

अब किसानों को दियारा क्षेत्र पहुंचने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा या फिर नाव का सहारा लेना होगा। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में नाव से यात्रा करना काफी जोखिम भरा होता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पीपा पुल की मरम्मत कराने की मांग की है।

