सोमवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने बिहपुर प्रखंड क्षेत्र में भारी तबाही मचाई। इस दौरान बिहपुर पूरब पंचायत के मिलकी वार्ड संख्या आठ निवासी 57 वर्षीय जैनूल की पेड़ गिरने से दर्दनाक मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि जैनूल गांव के लछमिनियां बासा पर रहकर अपने मवेशियों की देखभाल करता था। देर रात तेज आंधी के दौरान एक बड़ा पेड़ उसके बासा पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलने पर बिहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

इधर, बिहपुर रेलवे कॉलोनी में भी आंधी के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। चतुर्थवर्गीय रेलकर्मी अनिल कुमार के रेलवे क्वार्टर पर पेड़ गिरने से दीवार टूटकर कमरे के अंदर जा गिरी। उस समय कमरे में तीन बच्चे सो रहे थे, जिनमें दो बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए।

दूसरे कमरे में मौजूद अनिल कुमार ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बाहर निकाला और इलाज के लिए बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।

घटना के बाद रेलवे के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं रेलवे कर्मचारियों ने जर्जर क्वार्टरों की मरम्मत नहीं कराने को लेकर नाराजगी जताई। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार आवेदन देने के बावजूद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *