नवगछिया: साइबर ठगी के शिकार परबत्ता निवासी किसान विद्यानंद भगत को साइबर थाना पुलिस की सक्रियता से आंशिक राहत मिली है। ठगी गई कुल 1 लाख 62 हजार 900 रुपये की राशि में से 20 हजार रुपये की रिकवरी कर उन्हें वापस दिलाई गई है।
Total Downloads: 206
जानकारी के अनुसार, विद्यानंद भगत ने साइबर ठगी की शिकायत साइबर थाना में दर्ज कराई थी। साइबर अपराधियों ने उन्हें झांसे में लेकर उनके बैंक खाते से 1 लाख 62 हजार 900 रुपये की निकासी कर ली थी।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने संबंधित बैंक और अन्य एजेंसियों के सहयोग से मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान राशि को ट्रेस करने की कार्रवाई की गई। लगातार प्रयास के बाद 20 हजार रुपये की राशि होल्ड कर पीड़ित के खाते में वापस कराई गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शेष राशि की रिकवरी के लिए भी प्रयास जारी हैं। साइबर थाना पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी तथा यूपीआई संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
साथ ही, किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।
