नारायणपुर/शाहपुर। शाहपुर गांव में बुधवार की शाम आम तोड़ने के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, शाहपुर निवासी सियाराम मंडल का मंझला पुत्र सिंटू कुमार (30) बुधवार की शाम करीब पौने छह बजे अपने घर के आंगन में लगे आम के पेड़ पर चढ़कर फल तोड़ रहा था। इसी दौरान जिस डाली पर वह खड़ा था, वह अचानक टूट गई। डाली टूटते ही सिंटू नीचे पक्की सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. कुमार दीपक की देखरेख में प्राथमिक उपचार किया गया। हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, युवक के सिर में गंभीर चोट (हेड इंजरी) के साथ आंतरिक चोटें भी लगी थीं।

मृतक के छोटे भाई हरि किशोर कुमार ने बताया कि पूर्णिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही सिंटू कुमार ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।
सिंटू कुमार तीन भाइयों में मंझला था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके निधन से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
घटना के बाद मृतक के पिता सियाराम मंडल, माता डोमनी देवी, पत्नी नीतू देवी तथा तीन छोटे बच्चों—सृष्टि, मिस्टी और आयांश—का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। वहीं, इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

