नवगछिया । बिहार सरकार के जल संसाधन विभाग अंतर्गत बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल कटिहार के गुणवत्ता नियंत्रण विभाग की टीम ने बुधवार को गंगा नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में चल रहे कटावनिरोधी कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यस्थल पर उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा कार्य की प्रगति का गहन जायजा लिया गया।
गुणवत्ता नियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता ईं. मनीष कुमार एवं कनीय अभियंता गुड्डू कुमार ने कटावनिरोधी कार्य में प्रयुक्त बोल्डर, पत्थर, जियोटेक्सटाइल समेत अन्य सामग्रियों की जांच की। अधिकारियों ने कार्य में इस्तेमाल हो रहे विभिन्न सामानों के नमूने भी एकत्र किए, जिन्हें आगे गुणवत्ता परीक्षण के लिए साथ ले जाया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता ने संबंधित अभियंताओं और संवेदकों को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कटावनिरोधी कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

ईं. मनीष कुमार ने कहा कि तटवर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए चल रहे कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना विभाग की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान आवश्यक बिंदुओं पर दिशा-निर्देश भी दिए गए ताकि कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हो सके।
मौके पर सहायक अभियंता ईं. अमितेश कुमार, कनीय अभियंता ईं. रविंद्र कुमार, ईं. संजीत मांझी सहित संवेदक प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

