भागलपुर: ड्यूटी के दौरान लापता हुए RPF जवान धर्मेंद्र कुमार की हत्या मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि जवान की हत्या उनकी ही ड्यूटी बेल्ट से गला घोंटकर की गई थी। हत्या के बाद पहचान और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव पर केमिकल डाला गया तथा उसे सबौर थाना क्षेत्र स्थित शंकरपुर पुल के पास कतरिया नदी में फेंक दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बेल्ट का फंदा बनाकर धर्मेंद्र कुमार का गला दबाया था। अब पुलिस आरोपियों के बयान की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है। मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

दो दिन बाद मिला था शव

धर्मेंद्र कुमार (48) मालदा डिवीजन के भागलपुर-साहेबगंज रेलखंड स्थित लैलख ममलखा स्टेशन पर तैनात थे। 25 मई की रात करीब 8 बजे उनकी पत्नी रानी देवी से आखिरी बार वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया था कि स्टेशन पर उनकी अकेले ड्यूटी लगी है।

अगले दिन उनका मोबाइल बंद मिला। परिजनों और रेलवे अधिकारियों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन 27 मई की शाम स्टेशन से करीब साढ़े तीन किलोमीटर दूर एक तालाब से उनका शव बरामद हुआ। शव नग्न अवस्था में मिला था, जबकि उनकी वर्दी, मोबाइल फोन और सोने की अंगूठी गायब थी।

शरीर और गले पर मिले थे चोट के निशान

पोस्टमार्टम और प्रारंभिक जांच में धर्मेंद्र कुमार के शरीर एवं गले पर कई चोटों के निशान पाए गए थे। परिजनों का आरोप है कि जवान का अपहरण कर बेरहमी से हत्या की गई। परिवार ने रेलवे प्रशासन और संबंधित अधिकारियों पर लापरवाही का भी आरोप लगाया है।

पत्नी और परिजनों ने जताया आक्रोश

मृतक की पत्नी रानी देवी ने बताया कि पति ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया। वहीं परिजनों का आरोप है कि जवान के लापता होने के बाद भी विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई।

धर्मेंद्र कुमार का शव जब उनके पैतृक गांव पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर श्रद्धांजलि देने पहुंचे। गांव में शोक और आक्रोश का माहौल देखने को मिला।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि हत्याकांड में अन्य लोगों की भी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *