नवगछिया: रंगरा प्रखंड अंतर्गत वैसी जहांगीरपुर उच्च विद्यालय में मिड-डे मील तैयार करने के दौरान उठने वाले घने धुएं से विद्यालय परिसर धुएं की चपेट में आ गया। धुएं के कारण बच्चों और शिक्षकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौके की तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि पूरा विद्यालय परिसर धुएं से भर गया है। धुएं के बीच छात्र-छात्राएं कक्षाओं से बाहर निकलते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि खाना बनाने के दौरान प्रतिदिन ऐसी ही स्थिति बन जाती है। रसोईघर में धुएं की समुचित निकासी की व्यवस्था नहीं होने से पूरा परिसर धुएं से भर जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार धुएं के कारण बच्चों को आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और पढ़ाई में बाधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने शिक्षा विभाग से विद्यालय के रसोईघर में चिमनी या धुएं की निकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बच्चों का स्वास्थ्य प्रभावित न हो और पढ़ाई का माहौल बेहतर बना रहे।


