नवगछिया में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, पेट में गोली लगने से युवक गंभीर

नवगछिया: नवगछिया थाना क्षेत्र के पकड़ा गांव में सोमवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में 24 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगने से समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल का इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है।

घायल की पहचान पकड़ा गांव निवासी अनिल सिंह के 24 वर्षीय पुत्र सुधांशु सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बारात में शामिल कुछ लोग देसी कट्टा में गोली लोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जो पास में खड़े सुधांशु के पेट में जा लगी।

गोली लगते ही शादी समारोह में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया।

घायल के चचेरे भाई पंकज सिंह ने बताया कि घटना के समय परिवार के लोग घर पर सो रहे थे। गोली लगने की सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि बारात पक्ष के कुछ लोग देसी कट्टा में गोली लोड कर रहे थे, तभी लापरवाही के कारण फायरिंग हो गई और सुधांशु इसकी चपेट में आ गया।

देर रात घटना होने के कारण तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी जा सकी। मामले में नवगछिया थाना पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो पाई। पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....