नवगछिया : दौड़ का अभ्यास कर रहे युवक को ओवरलोड ट्रैक्टर ने कुचला

नवगछिया/खरीक: खरीक थाना क्षेत्र की 14 नंबर सड़क पर मंगलवार सुबह गंगाधर बाबा स्थान के समीप बालू-मिट्टी लदे एक बेकाबू ट्रैक्टर ने सड़क पर दौड़ लगा रहे तीन युवकों को कुचल दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक की पहचान जमालदीपुर वार्ड संख्या-03 निवासी मंचन कुमार (20), पिता गोकुल मंडल के रूप में हुई है। वहीं घायल दिलखुश कुमार (19), पिता स्व. बैजनाथ सिंह तथा आशीष कुमार (22), पिता हीरालाल सिंह बताए गए हैं। तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से खरीक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मंचन कुमार को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर छह घंटे तक जाम

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सुबह करीब सात बजे लत्तीपुर चौक पर शव रखकर बांस-बल्ला लगाते हुए सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान टायर जलाकर विरोध जताया गया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी, अवैध मिट्टी खनन कराने वालों पर कड़ी कार्रवाई तथा अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद खुला जाम

सूचना मिलते ही खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार, बिहपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संतोष कुमार शर्मा, यातायात थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुजीत कुमार, सीओ प्रवीण कुमार वत्स, बीडीओ मोना कुमारी सोनी, बीपीआरओ नागेश्वर प्रसाद सहित कई अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि ग्रामीण डीएम और एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे।

बाद में नवगछिया एसडीओ रोहित कर्दम और एसडीपीओ अनिकेत अमर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। अधिकारियों द्वारा मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद दोपहर 12:47 बजे जाम समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया।

करीब छह घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

प्रशासन का बयान

एसडीओ रोहित कर्दम ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ प्रशासन पूरी तरह खड़ा है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसडीपीओ अनिकेत अमर ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *