नवगछिया: अनुमंडल कृषि पदाधिकारी वरुण कुमार ने रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता और बिक्री व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी लाइसेंसधारी उर्वरक विक्रेताओं को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नवगछिया अनुमंडल में यूरिया, पोटाश सहित सभी प्रकार के रासायनिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
Total Downloads: 132
उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से नवगछिया रैक प्वाइंट पर विभिन्न कंपनियों के यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की लगातार खेप पहुंच रही है। पर्याप्त स्टॉक होने के कारण किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है।
अनुमंडल कृषि पदाधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को चेतावनी दी कि निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर उर्वरक बेचने की शिकायत मिलने पर संबंधित डीलर के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों से किसी भी प्रकार की अतिरिक्त राशि वसूलना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान कृषि विभाग की टीम ने सुकटिया बाजार, रंगरा, नवगछिया, गोपालपुर और खरीक सहित विभिन्न बाजारों में उर्वरक दुकानों का औचक निरीक्षण किया। साथ ही नवगछिया रैक प्वाइंट का निरीक्षण कर उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था का भी जायजा लिया।
वरुण कुमार ने किसानों से जल्द से जल्द फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ समय पर मिलेगा और उर्वरकों का वितरण भी अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से किया जा सकेगा।
उन्होंने दोहराया कि कृषि विभाग किसानों को उचित मूल्य पर समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी भी तरह की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
