नवगछिया: फरार अभियुक्तों के खिलाफ नवगछिया पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मंगलवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में फरार आरोपियों के घरों पर विधिवत इश्तेहार चस्पा किया गया। यह कार्रवाई पुलिस की मौजूदगी में कानूनी प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई गई।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, साइबर थाना और गोपालपुर थाना क्षेत्र के फरार अभियुक्तों के आवास पर पुलिस टीम पहुंची और न्यायालय के आदेश के अनुरूप इश्तेहार चस्पा किया। इस दौरान स्थानीय लोगों को भी न्यायालय के आदेश और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
आत्मसमर्पण नहीं करने पर होगी कुर्की की कार्रवाई
नवगछिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिन अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय से इश्तेहार जारी हुआ है, यदि वे निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके विरुद्ध कानून के प्रावधानों के तहत संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।

अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और न्यायालय के आदेशों का पालन कराने के लिए सभी थाना क्षेत्रों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
