नवगछिया/गोपालपुर: गोपालपुर स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज में बुधवार को औपचारिक रूप से पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया गया। बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत स्थापित इस महाविद्यालय के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

बिहार सरकार द्वारा राज्य के नवस्थापित 211 राजकीय डिग्री कॉलेजों में एक साथ शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की गई। इसी क्रम में गोपालपुर राजकीय डिग्री कॉलेज में भी उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन महाविद्यालयों की स्थापना का उद्देश्य शिक्षा की पहुंच बढ़ाना, आर्थिक असमानता कम करना और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने इसे बिहार के शिक्षा क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत बताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अभयानंद सहाय ने कहा कि नए डिग्री कॉलेज शिक्षा के जनतंत्रीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों और समाज से मिलकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी निशांत ने कहा कि बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करना जरूरी है। वहीं प्रखंड प्रमुख साकेत बिहारी ने विश्वास जताया कि यह महाविद्यालय गोपालपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का नया केंद्र बनेगा। स्थानीय मुखिया अमित कुमार ने भी कॉलेज परिवार और छात्रों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं राजकन्या, प्रेमलता कुमारी और सीता कुमारी द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजकुमार प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, डॉ. धर्मेंद्र दास, डॉ. मंजु कुमारी, डॉ. महेश कुमार, लिपिक गौरव कुमार, कनीय अभियंता निकिता कुमारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी घनश्याम पासवान, सहायक लेखापाल अर्चना कुमारी, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *