छठ घाट पर स्नान करने के दौरान लापता युवक का शव बरामद, परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था अमरजीत
बलाहा गंगा घाट के पास मिला 18 वर्षीय युवक का शव, सोमवार सुबह से चल रही थी तलाश; माता-पिता दोनों हैं दिव्यांग
नारायणपुर। महापर्व छठ के अवसर पर सोमवार की सुबह बलाहा गंगा घाट की उपधारा में स्नान करने के दौरान लापता हुए युवक का शव मंगलवार को बरामद किया गया। युवक की पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर निवासी संजय पंडित के करीब 18 वर्षीय पुत्र अमरजीत उर्फ टीटू के रूप में हुई है। शव बलाहा गंगा घाट के पास ही मिला। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, अमरजीत छठ पर्व मनाने के लिए अपने माता-पिता के साथ बलाहा गांव निवासी अपनी फुआ ललिता देवी के घर आया हुआ था। सोमवार की सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद वह बलाहा गांव के सामने गंगा की उपधारा में स्नान करने गया था। इसी दौरान वह तैरते हुए नदी की दूसरी तरफ चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा।

काफी देर तक अमरजीत के वापस नहीं आने पर परिजनों और स्थानीय लोगों को चिंता हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों ने नदी में उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर नारायणपुर के सीओ आशीष कुमार के प्रयास से एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खोज अभियान चलाया, लेकिन सोमवार देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
मंगलवार को दोबारा तलाशी अभियान के दौरान बलाहा गंगा घाट के पास से उसका शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
बताया जाता है कि अमरजीत अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था। उसके माता-पिता दोनों दिव्यांग हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
