नवगछिया। पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने शुक्रवार को नवगछिया आदर्श थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, अनुसंधान की गुणवत्ता और अपराध नियंत्रण की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। थाना पहुंचने पर पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर के कंप्यूटर कक्ष, मालखाना, पुरुष एवं महिला हवालात, शस्त्रागार, सूचना पट्ट, साफ-सफाई व्यवस्था तथा सीसीटीवी प्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने एफआईआर रजिस्टर, स्टेशन डायरी (रोजनामचा), आगंतुक पंजी सहित अन्य अभिलेखों की जांच कर उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

इसके बाद एसपी ने थाना में दर्ज हत्या सहित अन्य गंभीर एवं लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अनुसंधानकर्ताओं से प्रत्येक मामले की प्रगति की जानकारी ली और अनुसंधान में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया।

वैभव शर्मा ने न्यायालय से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने, गंभीर मामलों में त्वरित गिरफ्तारी करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए नियमित और प्रभावी पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जब्त वाहनों, हथियारों एवं अन्य जब्त सामग्री के रख-रखाव की भी समीक्षा की गई। साथ ही महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली, फरियादियों के साथ पुलिस के व्यवहार और शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया का भी आकलन किया गया। एसपी ने स्थानीय लोगों से पुलिस की कार्यशैली और जनसंपर्क को लेकर फीडबैक भी लिया।

निरीक्षण के बाद एसपी वैभव शर्मा ने कहा कि थाना स्तर पर सभी डिजिटल पोर्टलों और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और सर्विलांस आधारित अनुसंधान से अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकती है और अपराध पर बेहतर नियंत्रण संभव है।

इस दौरान नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह सहित सभी अनुसंधान पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी देर शाम तक अनुसंधानकर्ताओं के साथ बैठक कर एक-एक लंबित कांड की समीक्षा करते रहे और उनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *