अपराधियों की हर गतिविधि होगी रिकॉर्ड, ट्रैफिक प्रबंधन और डिजिटल साक्ष्य जुटाने में मिलेगी बड़ी मदद

नवगछिया: नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (NH-31) पर सात संवेदनशील स्थानों पर हाई रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों के जरिए प्रमुख चौक-चौराहों और एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी, जिससे अपराधियों की पहचान और ट्रैफिक प्रबंधन दोनों को मजबूती मिलेगी।

नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल ट्रैफिक चालान करना नहीं है, बल्कि अपराध करके भागने वाले अपराधियों की पहचान करना, उनकी गतिविधियों पर नजर रखना और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

योजना के तहत रंगरा, मकनपुर चौक, मदरोनी, नवगछिया जीरोमाइल और तेतरी जीरोमाइल समेत कुल सात महत्वपूर्ण स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे। इन स्थानों का चयन यातायात के दबाव और सुरक्षा की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों में हाई रेजोल्यूशन इमेजिंग, नाइट विजन, 360 डिग्री मॉनिटरिंग और सुरक्षित डेटा स्टोरेज जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। सभी कैमरों की निगरानी एक केंद्रीय कंट्रोल रूम से 24 घंटे की जाएगी।

पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा, ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी और ऑनलाइन चालान प्रणाली अधिक पारदर्शी बनेगी। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक मामलों की जांच में महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध होंगे, जिससे पुलिस की जांच और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता और मजबूत होगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *