बाढ़ नियंत्रण विभाग अलर्ट, गंगा-कोसी तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी, हर किलोमीटर पर ग्रामीण सुरक्षा गार्ड तैनात
Total Downloads: 132
नवगछिया: गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नवगछिया क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। रविवार (19 जुलाई) सुबह छह बजे इस्माईलपुर-बिंदटोली स्थित स्पर-07 पर गंगा का जलस्तर 28.46 मीटर दर्ज किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 23 सेंटीमीटर अधिक है। हालांकि जलस्तर अभी चेतावनी स्तर से नीचे है और तटबंध पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, नवगछिया के अनुसार इस्माईलपुर-बिंदटोली में चेतावनी स्तर 30.60 मीटर तथा खतरे का स्तर 31.60 मीटर निर्धारित है। वर्ष 2021 में यहां गंगा का उच्चतम बाढ़ स्तर (एचएफएल) 33.50 मीटर रिकॉर्ड किया गया था। वर्तमान में नदी का पानी तटबंध के ‘टो’ (पाए) तक नहीं पहुंचा है, जिससे किसी प्रकार का खतरा नहीं है।

वहीं मदरौनी में रविवार सुबह छह बजे गंगा का जलस्तर 28.76 मीटर दर्ज किया गया। यहां पिछले 24 घंटे में 10 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। मदरौनी में चेतावनी स्तर 30.48 मीटर, खतरे का स्तर 31.48 मीटर तथा उच्चतम बाढ़ स्तर 33.46 मीटर है। यहां भी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं।
गंगा और कोसी नदियों के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल ने निगरानी व्यवस्था और सख्त कर दी है। तटबंधों के प्रत्येक किलोमीटर पर ग्रामीण सुरक्षा गार्ड की तैनाती की गई है। उन्हें तटबंधों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार के दबाव, रिसाव या क्षति की सूचना तत्काल विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग का कहना है कि फिलहाल किसी भी तटबंध पर खतरे जैसी स्थिति नहीं है। हालांकि जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
