नवगछिया/सोनपुर: पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल में सोमवार को चलाए गए मेगा टिकट जांच अभियान के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 3,393 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस अभियान से रेलवे को 30,01,980 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वतीचंद्र ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के निर्देश तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक धीरज कुमार के नेतृत्व में यह विशेष अभियान संचालित किया गया। अभियान में टिकट जांच कर्मियों, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीमों ने सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी और नवगछिया सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान बिना वैध टिकट, अनियमित टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकरण के यात्रा कर रहे यात्रियों पर रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य रेलवे के राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना है।

रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, चालू माह में 20 जुलाई तक सोनपुर मंडल ने 41,948 मामलों का निपटारा करते हुए 3,67,12,484 रुपये का राजस्व अर्जित किया है। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 2,67,031 मामलों में कार्रवाई कर 19,17,57,846 रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी रेलवे अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *