कटरिया रेलवे फाटक पर ट्रक की टक्कर से बूम टूटा, चालक फरार

नवगछिया: कटरिया रेलवे स्टेशन के समीप स्थित समपार फाटक संख्या 9F पर एक ट्रक चालक की लापरवाही के कारण रेलवे फाटक का बूम क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट नवगछिया ने रेल अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह 10:09 बजे सोनपुर सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना प्राप्त हुई कि कटरिया स्टेशन के पास गेट संख्या 9F पर ट्रक संख्या BR09GC2686 की टक्कर से फाटक का बूम टूट गया है। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट नवगछिया की उप निरीक्षक निक्की कुमारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं।

ड्यूटी पर तैनात गेटमैन मोहम्मद सफी आलम ने बताया कि सुबह 9:15 बजे डाउन लाइन से एक मालगाड़ी गुजरने के बाद फाटक को सड़क यातायात के लिए खोल दिया गया था। इसी दौरान दक्षिण दिशा से उत्तर की ओर जा रहा एक ट्रक पहले दक्षिणी बूम को पार कर गया, लेकिन ट्रक का ऊपरी हिस्सा उत्तरी बूम से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बूम क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद चालक बिना रुके ट्रक लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के सिग्नल विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुबह 10:40 बजे क्षतिग्रस्त बूम को बदलकर फाटक को पुनः सामान्य कर दिया। मरम्मत कार्य के दौरान स्लाइडिंग बूम की सहायता से रेल परिचालन जारी रखा गया, जिससे किसी भी ट्रेन के आवागमन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।

संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार, क्षतिग्रस्त बूम की अनुमानित कीमत 5,000 रुपये आंकी गई है। गेटमैन मोहम्मद सफी आलम के लिखित आवेदन के आधार पर आरपीएफ पोस्ट नवगछिया में कांड संख्या 272/26 दर्ज किया गया है।

आरपीएफ ने ट्रक संख्या BR09GC2686 के अज्ञात चालक के विरुद्ध रेल अधिनियम की धारा 154 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक रामलाल प्रसाद कर रहे हैं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *