नवगछिया: खरीक थाना क्षेत्र के धुवगंज अम्भो स्थित भगवती स्थान के समीप झाड़ी से मिले युवक के शव के बहुचर्चित मामले का पुलिस ने करीब पांच महीने बाद खुलासा करने का दावा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भ्रमरपुर निवासी नवनीत कुमार उर्फ नवनीत सिंह तथा जयरामपुर नन्हकार निवासी लक्ष्मण चौधरी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को धुवगंज अम्भो स्थित सड़क किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम की सहायता से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मृतक की पहचान जमुनिया निवासी गौरव कुमार के रूप में हुई, जिसके बाद खरीक थाना में कांड संख्या 154/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक गौरव कुमार जमीन खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़ा था और लेन-देन को लेकर तनाव में था। घटना की रात वह लक्ष्मण चौधरी के घर ठहरा था।

आरोपियों के अनुसार, अगले दिन गौरव की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे सीने में तेज दर्द होने लगा। इसके बाद उसे चारपहिया वाहन से इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि गौरव की मौत के बाद वे घबरा गए। पुलिस कार्रवाई के डर से उन्होंने शव को धुवगंज अम्भो स्थित भगवती स्थान के समीप सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।

खरीक थानाध्यक्ष ने बुधवार को बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक की मौत स्वाभाविक थी या उसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *