नवगछिया: नवगछिया थाना क्षेत्र के मक्खात गांव में गंदा पानी फेंकने के विरोध को लेकर हुए विवाद में एक दंपती के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर नवगछिया थाना में तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित मिथुन सहनी (30) ने थाना में दिए आवेदन में बताया कि 19 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपने परिवार के साथ घर में खाना खा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों द्वारा उनके घर की ओर ऊपर से गंदा पानी फेंका गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पड़ोसी जीतो सहनी, संतोष कुमार और रीता सहनी गाली-गलौज करने लगे।

आरोप है कि विवाद के दौरान जीतो सहनी ने ईंट से हमला कर दिया, जिससे मिथुन सहनी के सिर में गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। शोर सुनकर बचाने पहुंचीं उनकी पत्नी धनवंती देवी पर भी कथित रूप से संतोष कुमार ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और हाथ में चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि रीता सहनी ने भी गाली-गलौज करते हुए उनकी पत्नी के साथ दुर्व्यवहार किया।

आवेदन में दंपती ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद सभी आरोपितों ने उन्हें भविष्य में जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उन्होंने नवगछिया थाना पहुंचकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

नवगछिया थाना प्रभारी रविशंकर सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *