नवगछिया: अनुमंडल क्षेत्र में गंगा और कोसी नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में गंगा नदी का जलस्तर 14 सेंटीमीटर और कोसी नदी का जलस्तर 17 सेंटीमीटर बढ़ने से बाढ़ को लेकर प्रशासन की सतर्कता बढ़ गई है। हालांकि दोनों नदियां अभी भी चेतावनी स्तर से नीचे बह रही हैं और फिलहाल किसी तत्काल खतरे की स्थिति नहीं है।

बुधवार सुबह छह बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, इस्माईलपुर-बिंदटोली स्पर-07 पर गंगा नदी का जलस्तर 29.02 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 30.60 मीटर से 1.58 मीटर नीचे है।

बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार ने बताया कि गंगा का पानी तटबंध के निचले हिस्से (टो) तक पहुंच चुका है, लेकिन तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है। विभाग की टीम लगातार जलस्तर, तटबंध और संभावित कटाव वाले क्षेत्रों की निगरानी कर रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

वहीं मदरौनी गेज स्टेशन पर कोसी नदी का जलस्तर बुधवार सुबह छह बजे 29.18 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यह चेतावनी स्तर 30.48 मीटर से 1.30 मीटर नीचे है। विभाग के अनुसार, कोसी नदी का पानी अभी तटबंध के निचले हिस्से तक नहीं पहुंचा है और तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है।

बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बताया कि मानसून की सक्रियता के कारण दोनों नदियों के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। विभागीय अधिकारी चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *