नवगछिया: नवगछिया पुलिस जिले के खरीक थाना क्षेत्र में झाड़ी से मिले युवक के शव के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भ्रमरपुर निवासी नवनीत कुमार उर्फ नवनीत सिंह तथा जयरामपुर नन्हकार निवासी लक्ष्मण चौधरी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को ध्रुवगंज अम्भो स्थित भगवती स्थान के समीप सड़क किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल को सुरक्षित किया और एफएसएल टीम की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। बाद में शव की पहचान जमुनिया निवासी गौरव कुमार के रूप में हुई। इस संबंध में खरीक थाना कांड संख्या 154/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक गौरव कुमार जमीन खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़ा था और जमीन बिक्री के बकाया भुगतान को लेकर मानसिक तनाव में रहता था।

अभियुक्तों के अनुसार, घटना की रात गौरव लक्ष्मण चौधरी के घर ठहरा हुआ था। अगली सुबह उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और सीने में तेज दर्द होने लगा। उसे चारपहिया वाहन से इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मौत के बाद वे घबरा गए और पुलिस कार्रवाई के डर से शव को ध्रुवगंज अम्भो स्थित भगवती स्थान के समीप सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

पुलिस का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *