मधुरापुर जहाज घाट पर 15 दिनों से भरा है नदी का पानी, सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों में चिंता

नवगछिया | नारायणपुर प्रखंड के गंगा दियारा क्षेत्र का संपर्क मार्ग टूट जाने से किसानों, पशुपालकों और स्थानीय ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर जहाज घाट में नदी का पानी भर जाने के कारण दियारा क्षेत्र का आवागमन प्रभावित हो गया है। अब लोगों के लिए नाव ही एकमात्र सहारा बची है।

स्थानीय मल्लाह एवं गोताखोर विजय मंडल ने बताया कि मधुरापुर जहाज घाट पर पिछले करीब 15 दिनों से नदी का पानी भरा हुआ है, जिससे दियारा में रहने वाले किसानों और पशुपालकों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के घाट पार करने को मजबूर लोगों की जान-माल पर भी खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि संपर्क मार्ग टूटने के बाद दैनिक जरूरतों का सामान लाने और पशुओं के लिए चारा पहुंचाने सहित सभी कार्य नाव के सहारे ही हो रहे हैं। इससे समय के साथ-साथ अतिरिक्त खर्च भी बढ़ गया है।

विजय मंडल ने बताया कि वे पिछले 40 से 45 वर्षों से इस घाट पर लोगों की सेवा कर रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें सरकारी स्तर पर किसी प्रकार का लाभ या सहयोग नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सुबह से लेकर रात 11 बजे तक लोगों को सुरक्षित पार कराने की जिम्मेदारी निभानी पड़ती है।

उन्होंने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस समस्या के बावजूद संबंधित अधिकारी कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। विजय मंडल के अनुसार, सावन सोमवारी के दौरान वर्ष 2024 और 2025 में इस घाट पर चार-चार लोगों की डूबने से मौत हुई थी। इसके बावजूद आज तक सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, बांस-बल्ला या अन्य आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घाट पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और टूटे संपर्क मार्ग की मरम्मत कर दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए सुरक्षित आवागमन बहाल किया जाए।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *