बिहपुर। संभावित बाढ़ को देखते हुए बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के नरकटिया-नन्हकार जमींदारी बांध पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधायक ई. शैलेन्द्र ने रविवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Total Downloads: 78
निरीक्षण के दौरान मंत्री ई. शैलेन्द्र ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह के महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और लगातार मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं और प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति पति सह समाजसेवी राजीव चौधरी उर्फ नुनू, मुन्नी राय, सौरभ कुमार सहित कई गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे मंत्री की सक्रियता की सराहना करते हुए निर्माण कार्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने की मांग की।
