भागलपुर। गंगा नदी पर बन रहे नए समानांतर सेतु के निर्माण स्थल पर शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली की तकनीकी खराबी ठीक करने के दौरान एक इलेक्ट्रिशियन की भीषण करंट लगने से मौत हो गई। हादसा विक्रमशिला सेतु के नीचे नवगछिया की ओर स्थित निर्माण स्थल के पास हुआ। घटना के बाद साइट पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।

मायागंज अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

करंट की चपेट में आने से इलेक्ट्रिशियन मुस्तकीम साव (32) गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के तुरंत बाद सहकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आठ साल से एसपी सिंगला कंपनी में कर रहे थे काम

मुस्तकीम साव पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के हल्दीबाड़ी थाना क्षेत्र के बोयालमारी गांव के रहने वाले थे। वह करीब आठ वर्षों से निर्माण कंपनी एसपी सिंगला (SP Singla) में इलेक्ट्रिशियन के रूप में काम कर रहे थे।

बताया गया कि करीब दो महीने पहले उनकी तैनाती भागलपुर में गंगा नदी पर बन रहे समानांतर सेतु के निर्माण कार्य में की गई थी। वह निर्माण स्थल पर बिजली व्यवस्था की देखरेख कर रहे थे। शनिवार रात साइट पर आई तकनीकी खराबी को ठीक करने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गए।

पत्नी की तबीयत बिगड़ी, पीछे छोड़ गए पत्नी और बेटी

मुस्तकीम की मौत की खबर उनके गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। वह अपने पीछे पत्नी और एक छोटी बेटी छोड़ गए हैं। पति की अचानक मौत की खबर सुनते ही उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

रविवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद मुस्तकीम के मामा हसन अकन और मौसा रफीकुल इस्लाम भागलपुर पहुंचे और अस्पताल में घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना के बाद मायागंज अस्पताल परिसर स्थित बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *