नवगछिया। श्रावणी मेले के बीच रविवार को विक्रमशिला सेतु पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। नवगछिया से भागलपुर जीरोमाइल तक करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ जाम देर रात तक बना रहा। सेतु पर वाहनों की रफ्तार थम गई और लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
Total Downloads: 102
स्थिति यह रही कि महज दो-तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में भी वाहन चालकों को घंटों का समय लग गया। वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ट्रैफिक पुलिस की कमी ने समस्या को और गंभीर कर दिया।
श्रावणी मेले के कारण पुलिस बल की कमी
श्रावणी मेले को लेकर ट्रैफिक पुलिस के अधिकांश जवान और अधिकारी अजगैवीनाथ धाम क्षेत्र में तैनात हैं। इसका सीधा असर विक्रमशिला सेतु और भागलपुर की ओर आने वाले प्रमुख मार्गों की यातायात व्यवस्था पर देखने को मिला।

रविवार को पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय और सिलीगुड़ी समेत विभिन्न इलाकों से भागलपुर आने वाले बड़ी संख्या में वाहन विक्रमशिला सेतु पर जाम में फंस गए। कांवरिया वाहनों की संख्या बढ़ने से सेतु पर सामान्य दिनों की तुलना में दो से तीन गुना अधिक वाहनों का दबाव रहा।
दो से तीन गुना बढ़ा वाहनों का दबाव
ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि रविवार को सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों की संख्या दो से तीन गुना अधिक थी। वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण विक्रमशिला सेतु पर जाम की स्थिति उत्पन्न हुई।
जाम के कारण सेतु से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। देर रात तक वाहनों की लंबी कतार बनी रही और लोग जाम से निकलने के लिए घंटों इंतजार करते रहे।
