नवगछिया। नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी पंचायत अंतर्गत पकरा दौनिया टोला में गुरुवार को अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान तेतरी निवासी राहुल राय, पिता बरुण राय के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
Total Downloads: 119
वारदात की सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। एसडीपीओ अनिकेत अमर ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

हत्या के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पकरा दौनिया टोला में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। जल्द ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
