नवगछिया। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ गोपालपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सुकटिया बाजार मोड़ पर वाहन जांच के दौरान 12 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को भी निरूद्ध किया गया है। शराब ढोने में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति तिनटंगा करारी से सुकटिया बाजार की ओर अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुकटिया बाजार मोड़ पर वाहन जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार दोनों लोगों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद झोले से कुल 12 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने रतनगंज निवासी गौरव कुमार, पिता रामचंद्र साह को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मौजूद नाबालिग को भी पुलिस ने निरूद्ध कर लिया।

पुलिस ने मौके से शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। मामले में गोपालपुर थाना में कांड संख्या 281/26 दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गोपालपुर थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *