नारायणपुर। भवानीपुर थाना क्षेत्र के जयपुर चुहर पूरव (पंडित टोला) में चोरों ने मनोज कुमार साह के घर को निशाना बनाते हुए करीब 80 हजार रुपये नकद, जेवरात और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना 14 अगस्त 2026 की देर रात की बताई जा रही है।
Total Downloads: 120
मनोज कुमार साह ने पुलिस को बताया कि रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। करीब 1:20 बजे वह लघुशंका के लिए उठे थे, तब तक घर में सब कुछ सामान्य था। इसके बाद करीब 3 बजे उनके बेटे रंजन कुमार की नींद खुली। उसने देखा कि जिस कमरे में वह सो रहा था, उसका दरवाजा बाहर से बंद था।
रंजन ने किसी तरह बाहर निकलने के बाद घर के अन्य कमरों को देखा तो वहां सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद परिवार को चोरी की जानकारी हुई। मनोज कुमार साह ने तत्काल सुबह करीब 3:10 बजे 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

पीड़ित के अनुसार, चोर घर से करीब 80 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी पायल, चार बिछिया, एक इलेक्ट्रिक चूल्हा, एक इनवर्टर समेत अन्य छोटे-मोटे सामान लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस से चोरी की घटना का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
भवानीपुर थाना प्रभारी शंभू कुमार ने बताया कि घर में चोरी का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
