नवगछिया, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, नवगछिया शाखा की ओर से “मेरा लहू देश के नाम” अभियान के तहत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मारवाड़ी विवाह भवन, नवगछिया में आयोजित शिविर में 20 रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।
Total Downloads: 122
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद वर्मा, शाखा सचिव दीपक मावंडिया, संरक्षक अभय प्रकाश मुनका, नवगछिया जागृति की अध्यक्षा श्वेता बूबना तथा कार्यक्रम संयोजक ओम प्रकाश एवं मानस चिरानिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर शाखा सचिव दीपक मावंडिया ने कहा कि रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और सच्ची देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद वर्मा ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। रक्तदान करने वाला व्यक्ति सिर्फ रक्त नहीं देता, बल्कि किसी परिवार की खुशियां और किसी जीवन की उम्मीद बचाता है।
संरक्षक अभय प्रकाश मुनका ने रक्तदान को महादान बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। वहीं कार्यक्रम संयोजक ओम प्रकाश ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच की करीब 800 शाखाओं में एक साथ रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर के आयोजन में संयोजक ओम प्रकाश एवं मानस चिरानिया, सचिव दीपक मावंडिया, उपाध्यक्ष सौरभ गर्ग एवं कमल टिबरेवाल, पूर्व अध्यक्ष कन्हैया मावंडिया एवं पारस खेमका, उपसचिव आशीष चौधरी सहित शाखा के सदस्य सुमित वर्मा, आयुष खेमका, पंकज सर्राफ मौजूद रहे। नवगछिया जागृति शाखा की सदस्य चित्रा टिबरेवाल एवं खुशबू मावंडिया तथा संरक्षक बिनोद चिरानिया ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
मारवाड़ी युवा मंच की ओर से सभी रक्तदाताओं को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। शाखा पदाधिकारियों ने रक्तवीरों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से मानव सेवा के इस अभियान को मजबूती मिली है।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं और समाज के लोगों से भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई। शाखा की ओर से संदेश दिया गया—“रक्तदान करें, जीवन बचाएं—यही सच्ची देशभक्ति है।”
मारवाड़ी युवा मंच ने अधिक से अधिक लोगों को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने और मानव सेवा के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
